ऊना,
हरोली जनमंच में 12 परिवारों के आयुष्मान तथा 6 परिवारों के हिमकेयर कार्ड बनाए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने 125 व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच की। शुगर के 50 टेस्ट किए गए तथा 70 व्यक्तियों के बीपी की जांच की गई। इसके अलावा निशुल्क दवाईयां भी प्रदान की गई। वहीं आयुर्वेद विभाग ने जनमंच में 150 व्यक्तियों का स्वास्थ्य जांचा। जनमंच में 6 प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। दो प्रमाण पत्र आय से संबंधित रहे, दो कृषक प्रमाण पत्र तथा दो हिमाचली प्रमाण पत्र बनाए गए।
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने हमारे गांव की बेटी हमारी शान योजना के अंतर्गत शिवांसी ठाकुर, आंचल शर्मा व मानसी राजपूत को उनकी उपलब्धियां दर्शाते हुए बोर्ड प्रदान किए। साथ ही उन्होंने बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत 10 बच्चियों को 12 हजार रुपए की एफडी प्रदान की। इनमें हर्शिता, अवनीत कौर, गीतांजलि, तनवीर कौर, अशमीत कौर, दिव्यांशी, जैनव, जैस्मिन, संजना व अन्नया चौधरी शामिल रही। इसके अलावा महेंद्र सिंह ठाकुर ने 15 बच्चियों को बेबी किट्स प्रदान की और पांच गर्भवती महिलाओं राज कुमारी, किरण देवी, पूनम देवी, सोनिया व अंबिका की गोदभराई रस्म अदा की।
इससे पहले जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत पौधारोपण किया और विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी का अवलोकन किया।