शिमला,
हिमाचल प्रदेश के सबसे बडे़ जिला कांगड़ा के धर्मशाला में कोरोना वायरस के दो पॉजीटिव मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके बाद राज्य सरकार हाई अलर्ट पर आ गई है। शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद इस बात की जानकारी पत्रकारों को दी और बताया कि अब तक प्रदेश कोरोना वायरस को लेकर आश्वस्त था, लेकिन दो मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। सीएम ने कहा कि 32 साल के युवक व 63 साल की महिला कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं।
सीएम ने बताया कि 63 बर्षीय महिला वीरवार को ही दुबई से लौटी थी। जबकि 32 वर्षीय युवक सिंगापुर से वापस आया था। दोनों ही टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल हैं। इसी बीच कांगड़ा प्रशासन ने विदेश से लौटे लोगों को आईसोलेशन में रहना अनिवार्य बनाया है। आदेशों की अवहेलना करने पर दो साल की सजा व 50 हजार के जुर्माने की चेतावनी दी है।
उधर सीएम ने यह भी कहा कि पॉजीटिव पाए गए रोगी किस-किस के संपर्क में रहे थे, इस बात का भी पता लगाया जा रहा है। बहरहाल दो मामलों के पॉजीटिव आने से देवभूमि में हडकंप मच गया है ।