आनी,
पुलिस थाना आनी के अंतर्गत तिहणी-दलाश सम्पर्क मार्ग पर तदाशा नामक स्थान के साथ ही एक वैगन आर कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जिससे कि उसमें सवार 5 में से 3 लोग गम्भीर जख्मी हो गए, जबकि दो को मामूली चोट आईं हैं।
जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी लाया गया ।जहां गम्भीर हालात में जख्मी 3 युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर के खनेरी स्थित जोनल अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की पुष्टि डीएसपी आनी रविन्द्र नेगी ने की है।
डिंगीधार पँचायत के प्रधान बंसी लाल ने बताया कि दुर्घटना से ठीक पहले वे उस स्थान से गुजरे थे, कि इसी बीच उन्हें फोन पर कार दुर्घटना की सूचना मिली।
जिसके बाद वे तुरन्त मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क तक निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया। जबकि पुलिस को भी सूचना दे दी गयी थी। वहीं घायलों को अस्पताल तक लाने के लिए आनी से 108 एम्बुलेंस भी मौके की ओर रवाना हो गयी थी।
पुलिस ने बताया कि कार में डडोहल गांव निवासी चालक महेंद्र कुमार के अलावा उनका बेटा सौरभ, तदाशा निवासी रोहित, ढेर गांव निवासी हर्षित और प्रियांशु सवार थे।
जिनमे से गम्भीर घायल रोहित, सौरभ और हर्षित को सिविल अस्पताल आनी में प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।