शिमला,
हिमाचल में चोटियां बर्फ से लद गई हैं। राज्य के उपरी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। बर्फ की सफेद चादर में ढके पहाड़ों का नजारा देखते ही बनता है। शीतलहर के चलते पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है।बर्फबारी के चलते स्थानीय कारोबारियों सहित किसानों-बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। बागवानी के लिए दिसंबर की बर्फबारी रामबाण मानी जा रही है। वहीं पर्यटक बर्फबारी के दीदार के लिए शिमला, मनाली सहित अन्य पर्यटन स्थलों में पहुंच रहे है।शिमला में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। शहर के रिज, मालरोड, पीक और संजौली में बर्फबारी हुई है। शिमला शहर सहित ऊपरी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों में खासा उत्साह है। बर्फबारी के बाद शिमला में सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। सोलन के चायल में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ है। पर्यटन नगरी मनाली में भी ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा रोहतांग, बारालाचा और सोलंगनाला में ताजा बर्फ गिरी है। किन्नौर, चंबा, मंडी और सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-05 बंद होने से ऊपरी शिमला का राजधानी से संपर्क कट गया है। कुफरी में हुई भारी बर्फबारी के बाद ऊपरी शिमला के लिए सड़क यातायात ठप है। शहर में बर्फबारी से निपटने के लिए नगर निगम ने कर्मचारियों की छुट्टियां रदद कर दी हैं। कुल्लू की ऊंची पहाडि़यों और लाहौल स्पीति में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
चंबा जिले के कबायली क्षेत्र भरमौर, पांगी सहित डलहौजी, तीसा, किहार की चोटियों में बर्फ गिरी है। बुधवार को भी प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार से प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। किन्नौर के छितकुल, रक्षम, भावा वैली, हांगो, लिप्पा सहित अधिकांश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। सिरमौर के चूढ़धार और मंडी के शिकारी देवी व कमरूनाग में भी बर्फबारी का दौर जारी है।