देहरा,
ब्लॉक देहरा की ग्राम पंचायत धनोट के पंजयाड़ा गांव में एक 85 वर्षीय महिला व 6 जानवरों पर रंगड़ों ने हमला कर दिया। जिसके बाद 4 बकरियों, एक भैंस का बच्चा व एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। वृद्ध महिला को तुरंत ज्वालामुखी के नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी तबियत बिगड़ने पर टांडा रैफर कर दिया। जिसके बाद दो दिन आईसीयू में रखने के बाद वृद्धा की मौत हो गई। मामला बुधवार का है। मृतका की पहचान सुनहरी देवी उम्र 85 पत्नी बाबू राम निवासी धनोट पंचायत गांव पंजायडा के रूप में हुई है । वृद्ध महिला घर पर ही काम कर रही थी कि अचानक रंगडों ने उनपर व उनके जानवरों पर हमला बोल दिया। वहीं आज ग्रामीणों ने इक्कठे होकर इस बारे ज्वालामुखी पुलिस स्टेशन में सम्पर्क किया। जिसके बाद देहरा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानवरों को भी दफना दिया गया है। इस संदर्भ में ग्राम पंचायत धनोट के पूर्व उपप्रधान सुनील राणा का कहना है कि यह गरीब परिवार है और प्रशासन इन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करे उन्होंने कहा कि रंगडों के हमले से गांव पंजयाड़ा की वृद्ध महिला व 6 जानवरों की मौत से इलाके में माहौल गमगीन है। उन्होंने कहा कि रंगडों से अब ग्रामीणों को डर सताने लगा है।