हमीरपुर/ रजनीश शर्मा
हमीरपुर जिला में सोमवार को कोरोना विस्फोट हुआ है। एक महिला सहित पाँच व्यक्तियों में कोरोना पोज़िटिव के लक्षण पाए गए हैं। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि जिला में पांच नए कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। इन सभी के नमूने गत 16 मई, को लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट आज दोपहर बाद प्राप्त हुई है।
नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत नौंगी के चौकी राजपूतां गांव का 60 वर्षीय व्यक्ति 12 मई, को मुंबई से वापस आया था और राजकीय प्राथमिक पाठशाला बूणीं में संस्थागत संगरोध में रखा गया था।
दूसरा गलोड़ तहसील के खुंगल का 47 वर्षीय व्यक्ति 14 मई, को मुंबई से लौटा था और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में रखा गया था। इसके साथ उसकी पत्नी एवं तीन बच्चे हैं।
तीसरा टौणी देवी क्षेत्र के ग्वारड़ू गांव का 54 वर्षीय व्यक्ति 10 मई, को मुंबई से लौटा था और घर पर ही संगरोध में था। वह टैक्सी चालक है।
चौथी 50 वर्षीय महिला टौणी देवी क्षेत्र के रेड़ू पधर गांव की है और 14 मई, को अपने वाहन से वापस लौटी है।
पांचवा 20 वर्षीय युवक भी पधर गांव का ही है और उपरोक्त महिला का नजदीकी रिश्तेदार है। यह दोनों भी संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में ही रखे गए थे।
इन सभी के अन्य प्राथमिक एवं द्वितयिक सम्पर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है।
उन्होंने कहा कि संबंधित उपमंडलाधिकारियों (ना.) को इन क्षेत्रों को सील (बंद) करने के निर्देश दे दिए गए हैं।